उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। गुरुवार शाम हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बाद शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर हालात बिगड़ गए। उपद्रवियों ने पथराव और आगजनी कर इलाके में दोबारा दहशत फैलाने की कोशिश की, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही काबू में कर लिया गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और आरोपियों की तलाश जारी है।
तराना तहसील में विवाद की शुरुआत राम मंदिर के पास सुखला गली में हुई, जहां हिंदूवादी नेता सोहेल ठाकुर पर कुछ लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और शाम होते-होते पथराव व आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालात को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी थी।
शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। वे एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाइश देकर शांत कराया। इस दौरान स्थानीय विधायक महेश परमार भी थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दोपहर में फिर बिगड़ा माहौल
शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए। अज्ञात लोगों ने बस स्टैंड के पास खड़ी उस बस को आग के हवाले कर दिया, जिसे गुरुवार शाम को नुकसान पहुंचाया गया था। वहीं नई बाखल ताकिया कलीम क्षेत्र में पथराव की घटना सामने आई। उपद्रवियों ने एक मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया और कुछ घरों के शीशे भी तोड़ दिए। स्थानीय महिलाओं ने गाली-गलौच और बदसलूकी के आरोप लगाए हैं।
स्थानीय लोगों का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 25 से 30 लोगों की भीड़ अचानक मोहल्ले में घुसी, पथराव और तोड़फोड़ की और फिर मौके से फरार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है, लेकिन वह अभी फरार बताया जा रहा है।
स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

