डेस्क:चेन्नई में शनिवार दोपहर भारतीय वायुसेना (IAF) का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तकनीकी खराबी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सिंगल-सीटर ट्रेनर विमान दोपहर करीब 2:50 बजे उपल्लम क्षेत्र में स्थित एक खाली पड़े खुले मैदान में गिरा। दुर्घटना स्थल आवासीय क्षेत्र से कुछ दूरी पर था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पायलट ने समय रहते खुद को इजेक्ट किया
वायुसेना अधिकारियों के अनुसार, विमान में अचानक आई तकनीकी समस्या के बाद पायलट ने आपात प्रक्रिया के तहत ईजेक्शन सिस्टम सक्रिय किया। खुद को सुरक्षित रूप से बाहर निकालकर पायलट पैराशूट के सहारे जमीन पर उतरे।
स्थानीय लोग बने मददगार
जैसे ही पायलट ज़मीन पर पहुंचे, आसपास के लोगों ने तुरंत उनकी ओर दौड़ लगाई। स्थानीय ग्रामीणों ने पायलट को प्राथमिक सहायता दी और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पायलट होश में थे, हालांकि ईजेक्शन के झटके से हल्की चोटें सम्भावित हैं।
आईएएफ हेलीकॉप्टर ने किया रिस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही करीब 30 मिनट बाद एक भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद पायलट को एयरबेस ले जाया गया, जहां आगे की मेडिकल जाँच की जा रही है।
कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश
वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। शुरुआती अनुमान तकनीकी खराबी की ओर इशारा करते हैं, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बड़ा हादसा टला
घटना स्थल के आसपास कुछ घर और एक व्यस्त सड़क है, लेकिन विमान खुले मैदान में गिरने के कारण किसी भी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा। समय रहते पायलट के ईजेक्ट करने और विमान का आबादी से दूर गिरना बड़ी राहत की बात रही।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
