मुंबई:‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा‘ में जेठालाल का किरदार करने वाले दिलीप जोशी को लेकर पिछले दिनों खबर आई कि उनकी जान को खतरा है। मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि एक शख्स ने पुलिस को फोन कर यह कहा है कि दिलीप जोशी के घर को 25 हथियारबंद लोगों ने घेर लिया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि पुलिस इसकी जांच कर रही है। हालांकि दिलीप जोशी ने इन खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने इसे गलत बताया। वह कहते हैं कि उन्हें नहीं पता कि ये कैसे फैला।
दिलीप जोशी ने क्यों कहा ये अच्छा हुआ
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए दिलीप जोशी ने कहा, ‘यह गलत खबर है। ऐसा कुछ नहीं हुआ। मुझे नहीं पता ये कैसे और कब शुरू हुआ। यह खबर दो दिन से चल रही है और मैं इसे सुनकर हैरान रह गया।‘ दिलीप जोशी कहते हैं, ‘भला हो उसका जिसने ये गलत खबर फैलाई। मुझे इतने लोगों के फोन आए मेरा हाल चाल पूछने के लिए। कई पुराने दोस्तों और दूर के रिश्तेदारों ने फोन किया। उनके साथ अच्छी बातचीत हो गई। मुझे पता चला कि लोग मुझे कितना प्यार करते हैं। इतने सारे लोग मेरे और मेरे परिवार के लिए परेशान थे, यह खुशी की बात थी।‘
दिलीप जोशी भी हैरान हैं कि आखिर खबर इतनी तेजी से कैसे फैल गई। उन्होंने कहा, ‘हमने अगर कुछ किया हो तो ऐसी कोई बात निकले, बिना सिर पैर वाली खबर है।‘
जेठालाल बनकर हुए मशहूर
दिलीप जोशी टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। वह कई फिल्मों और सीरियल में काम कर चुके हैं। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा‘ से उन्हें घर-घर पहचान मिली। शो में वह जेठालाल का किरदार निभाते हैं। वह शो से पिछले 14 सालों से जुड़े हुए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

