डेस्क : असम के कछार जिले के सिलचर शहर के पास 28 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर सात लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके बाद उससे जबरन पैसे वसूले। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़िता ने 19 फरवरी को यह मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान उसने दो आरोपियों की पहचान की, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पीड़िता का अनिवार्य चिकित्सा परीक्षण किया जा चुका है और उसका बयान भी दर्ज कर लिया गया है।
सिलचर सदर पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (5) (जान से मारने की धमकी देकर जबरन वसूली), 310 (2) (डकैती), 351 (2) (आपराधिक धमकी), 61 (2) (दो या दो से अधिक व्यक्तियों द्वारा किया गया गैरकानूनी कृत्य), 70 (1) (सामूहिक दुष्कर्म), 76 (किसी महिला का वस्त्र हरण करने या वस्त्र उतारने की मंशा से आपराधिक बल का प्रयोग), 79 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्द, हावभाव या कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कम से कम सात अज्ञात पुरुषों ने एक-एक कर उसके साथ बलात्कार किया और उसे बाद में आरोपियों में से एक के खाते में 10,000 रुपये स्थानांतरण करने के लिए मजबूर किया।
प्रारंभ में पुलिस ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी थी, लेकिन जब सिलचर स्थित एक पत्रकार पर आरोपियों में से एक के परिवार के सदस्यों ने हमला किया, तो मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पत्रकार ने बताया कि नेशनल हाईवे रोड पुलिस थाना के पास आरोपियों के परिवार ने उन्हें रोककर पूछा कि घटना की खबर क्यों दी, और फिर उनकी पिटाई की, लेकिन वहां मौजूद लोगों के बीच-बचाव से वह सुरक्षित रहे।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि वह सिलचर कस्बे से कुछ किलोमीटर दूर बाईपास रोड पर अपने पुरुष मित्र के साथ कार में थी, तभी एसयूवी में सवार कुछ लोग आए और उन पर हमला किया। आरोपियों ने पहले दोनों से उनके निवास के बारे में पूछा और फिर युवती और उसके पुरुष मित्र को पकड़ लिया। उसके बाद लगभग सात पुरुषों ने पुरुष मित्र के सामने एक-एक कर युवती से बलात्कार किया।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सदस्य सुष्मिता देव ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की और पुलिस से अद्यतन जानकारी मांगी। उन्होंने कहा, “मैंने कछार जिले के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई के बारे में जानकारी ली है। इस मामले को दबाने की कोई कोशिश नहीं होनी चाहिए। तृणमूल कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
