स्पोर्ट्स डेस्क: भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। भारत ने बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर इतिहास रचा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 311 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा मात्र 41.1 ओवर में पूरा कर लिया। यह टूर्नामेंट में किसी भी टीम द्वारा चेज किया गया अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य है।
भारतीय पारी की शुरुआत तेज रही। वैभव सूर्यवंशी ने एरोज जॉर्ज के साथ पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए, लेकिन दसवें ओवर में नूरिस्तानी उमरजई ने उन्हें पवेलियन भेजा।
इसके बाद एरोज जॉर्ज और कप्तान आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की। आयुष ने 59 गेंदों में 62 रन बनाए (5 चौके, 4 छक्के) और 27वें ओवर में उमरजई का शिकार बने। जॉर्ज ने फिर शानदार 115 रनों की पारी खेलकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जॉर्ज ने 104 गेंदों में 15 चौके और 2 छक्कों की मदद से पारी खेली। विहान मल्होत्रा 47 गेंदों में 38 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि वेदांत त्रिवेदी 6 गेंदों में 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस जीत के साथ भारत ने 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश किया है और 6 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगा। भारत इस टूर्नामेंट का सबसे सफल देश है, जिसने अब तक पांच खिताब अपने नाम किए हैं।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 310 रन बनाए। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पहली बार 300 प्लस रन की पारी है।
अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत अच्छी रही। उस्मान सादात (39) और खालिद अहमदजई (31) ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। दीपेश देवेंद्रन ने 13वें ओवर में खालिद को आउट किया। इसके बाद उस्मान ने फैसल शिनोजादा के साथ 64 रन जोड़े, लेकिन 25वें ओवर में कनिष्क चौहान का शिकार बने।
फैसल ने फिर उजैरुल्लाह नियाजई के साथ तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की शानदार साझेदारी की। फैसले ने 93 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 110 रन बनाए, यह उनका टूर्नामेंट में दूसरा शतक था। उन्होंने 46वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन के हाथों बोल्ड हुए। कनिष्क चौहान ने 49वें ओवर में अजीजुल्लाह मिआखिल को आउट किया।
उजैरुल्लाह नियाजई ने 86 गेंदों में 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए, उन्होंने आखिरी ओवर में अपना शतक पूरा किया। अब्दुल अजीज 7 रन बनाकर नाबाद रहे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

