लखनऊ:गुड़ंबा थाने में युवती ने मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर आईएएस के नाम से फर्जी आईडी बनाने वाले पारसनाथ पाल उर्फ प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी ने शादी करने का झांसा देते हुए युवती से नजदीकी बढ़ाई। फिर छोटे भाई की नौकरी लगवाने का दावा करते हुए रुपये लिए। इस बीच प्रिंस की हकीकत युवती को पता चल गई। उसने रुपये लौटाने के लिए कहा तो आरोपी ब्लैकमेल करने लगा। जिससे परेशान होकर पीड़िता ने गुड़ंबा थाने में प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकीपुरम निवासी युवती ने मेट्रोमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बना रखी है। कुछ वक्त पहले उसे पारसनाथ उर्फ प्रिंस के नाम से एक प्रोफाइल नजर आई। जिसे चेक करने पर पारसनाथ ने प्रोफाइल में आईएएस अधिकारी होने की बात लिख रखी थी। युवती ने परिवार को प्रिंस के बारे में बताया। जिसके बाद रिश्ते की बात शुरू हुई। दोनों के बीच फोन पर भी बात होती थी। इस दौरान ही प्रिंस ने युवती को मिलने के लिए एक घर में बुलाया था। जहां युवती से उसके छोटे भाई की सरकारी नौकरी लगवाने की बात प्रिंस ने की। युवती के मुताबिक आईएएस समझ कर वह प्रिंस की बातों में फंसती चली गई। भाई की नौकरी के लिए डेढ़ लाख रुपये प्रिंस को दे दिए। इसके बाद भी नौकरी नहीं लगी।
इस बीच आरोपी ने युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। जिससे गलत पोस्ट करने लगा। इस बात का पता चलने पर युवती ने विरोध किया। जिस पर आरोपी ने ब्लैकमेल करते हुए तीन लाख रुपये और 69 हजार रुपये की चेन ले ली। लेकिन फेसबुक आईडी बंद नहीं की। प्रिंस की हरकत देख युवती ने छानबीन करना शुरू किया। तब उसे प्रिंस की असलियत पता चली। शुक्रवार को पीड़िता ने गुड़ंबा थाने पहुंच कर तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर गुड़ंबा कुलदीप सिंह गौर के मुताबिक पारसनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी देने और आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
