नई दिल्ली:चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव कराए जाने का शुक्रवार को ऐलान कर दिया। ऐसी उम्मीद थी कि महाराष्ट्र और झारखंड को लेकर भी चुनावी तारीखों की घोषणा हो सकती है, मगर ऐसा नहीं हुआ। अब कांग्रेस इसे लेकर हमलावर हो गई है। मुख्य विपक्षी दल के नेता पवन खेड़ा ने कहा कि कल ही प्रधानमंत्री ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ की बात की, लेकिन वे केवल 2 राज्यों में एक साथ चुनाव करा पा रहे हैं। हमें समझ में नहीं आ रहा कि वे 4 राज्यों में एक साथ चुनाव क्यों नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘चाहे ये आज हारें या कल, इनकी हार निश्चित है। हम तैयार हैं, हम जीत के प्रति आश्वस्त हैं क्योंकि हमने लोगों के मुद्दे उठाए हैं।’
दरअसल, बार-बार चुनाव से देश की प्रगति में गतिरोध पैदा होने का जिक्र पीएम मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से किया था। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से की गई किसी भी योजना की घोषणा को अक्सर चुनावी नफे-नुकसान से जोड़ दिया जाता है। उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस बारे में देश में व्यापक चर्चा हुई है। सभी राजनीतिक दलों ने अपने विचार रखे हैं और इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट भी तैयार की है।
वन नेशन, वन इलेक्शन पर क्या बोले पीएम मोदी
नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए देश को आगे आना होगा। मैं लाल किले से देश के राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं। देश के संविधान को समझने वाले लोगों से आग्रह करता हूं कि भारत की प्रगति के लिए, भारत के संसाधनों का सर्वाधिक उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के सपने को साकार करने के लिए आगे आएं।’ बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। हरियाणा में एक ही चरण में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को यह घोषणा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दोनों विधानसभाओं के लिए मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
