पटना :बिहार में चर्चित शिक्षकों खान सर और रोशन आनंद से जुड़े विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में कहा कि हाल के दिनों में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद, हिंसा, हमले और गंभीर आरोपों ने राज्य में कानून-व्यवस्था तथा शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी की आवश्यकता है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
राजद नेता ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए। उनका कहना है कि इस प्रकरण ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता पैदा की है, इसलिए राज्य सरकार को पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में खान सर और रोशन आनंद के बीच आरोप-प्रत्यारोप का विवाद चर्चा में रहा है। इससे पहले पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हिंसा और तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। खान सर ने सुरक्षा की मांग करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की अपील की थी।
वहीं सत्तापक्ष की ओर से अभी तक तेजस्वी यादव की मांग पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि राज्य सरकार पहले ही इस मामले की जांच पुलिस के माध्यम से कराए जाने की बात कह चुकी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में चुनावी माहौल के बीच यह मामला अब शिक्षा जगत से निकलकर राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो सकते हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत