डेस्क:पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया हरियाणा में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। दोनों की सीटें तय हो चुकी हैं—विनेश फोगाट जुलाना से और बजरंग पुनिया बादली से चुनावी मैदान में उतरेंगे। इससे पहले बुधवार को दोनों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी।
बता दें कि 2023 में बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। लंबे समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि ये दोनों कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं, और अब यह कंफर्म हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने शुरुआत में विनेश को गुड़गांव के पास किसी सीट से चुनाव में उतारने की योजना बनाई थी, लेकिन विनेश ने जुलाना से ही चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।
हाल ही में विनेश फोगाट ने किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर किसानों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया था। शंभू बॉर्डर पर पहुंचकर उन्होंने किसानों के साथ अपनी एकजुटता दिखाई। जब उनसे राजनीति में आने के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था कि वह चुनाव लड़ेंगी या नहीं, इसका फैसला बाद में लेंगी, लेकिन किसानों का समर्थन जारी रखेंगी।
गौरतलब है कि पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश 50 किलोग्राम रेसलिंग प्रतियोगिता में मेडल से चूक गई थीं। सिल्वर मेडल पक्का करने के बाद, गोल्ड मेडल के फाइनल मुकाबले से पहले उनका वजन 100 ग्राम अधिक होने के कारण उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया था, जिससे वह बिना मेडल के ही लौट आईं। इस घटना के अगले दिन, 8 अगस्त को, विनेश ने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने हरियाणा की 90 में से 66 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभी तक नामों की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि उम्मीदवारों की सूची एक या दो दिन में जारी होगी। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
