नई दिल्ली। आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से विनेश फोगाट को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की शुक्रवार शाम को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पहली लिस्ट जारी की गई है।
राज्य की सभी 90 सीटों पर पांच अक्टूबर को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे, जबकि आठ अक्टूबर को नतीजों का ऐलान होगा। कांग्रेस से पहले हरियाणा में बीजेपी भी 67 उम्मीदवारों वाली पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। उस लिस्ट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, अनिल विज समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल थे।
कांग्रेस के 31 उम्मीदवारों वाली सूची में कालका से प्रदीप चौधरी, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, लाडवा से मेवा सिंह, शाहबाद से राम करण के नाम शामिल हैं। सोनीपत विधानसभा सीट से सुरेंद्र पंवार, गोहना से जगबीर सिंह मलिक, बरोदा से इंदुराज सिंह नरवाल को टिकट दिया गया है। रोहतक से भरत भूषण बत्रा, बहादुरगढ़ से रजिंदर सिंह जून, बादली से कुलदीप वत्स को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है।
इसके अलावा, झज्जर से गीता भुक्कल, बेरी से रघुवीर सिंह कादियान, महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, रेवाड़ी से चिरनजीव राव को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। नूंह सीट से अफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका सीट से मामन खान, होडल सीट से उदयभान को टिकट दिया गया है। वहीं, फरीदाबाद एनआईटी से नीरज शर्मा कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की शुक्रवार को आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक हुई। इसके बाद देर रात पहली लिस्ट जारी कर दी गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव एवं संगठन प्रभारी के सी वेणुगोपाल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य लोग शामिल हुए। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट में से सीईसी ने 66 के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभी पार्टी ने सिर्फ 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। शेष 24 सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों पर एक उप-समिति द्वारा विचार-विमर्श किया जा रहा है, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, टी एस सिंहदेव और अजय माकन शामिल हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
