डेस्क:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत निर्मित हथियारों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के ठिकानों को तबाह करने और दुश्मनों की नींद उड़ाने में अहम भूमिका निभाई। कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में, उन्होंने विकसित भारत और विकसित तमिलनाडु का वादा किया और कहा, ”बुनियादी ढांचा और ऊर्जा किसी भी राज्य के विकास की रीढ़ हैं, पिछले 11 वर्षों में इन पर हमारा ध्यान तमिलनाडु के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
पीएम मोदी ने कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन के ठिकानों को तबाह करने में ‘मेक इन इंडिया’ हथियारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे हथियारों से दुश्मनों की नींद उड़ गई।” तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिटेन के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से हमारे विकसित भारत, विकसित तमिलनाडु के दृष्टिकोण को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “इस एफटीए समझौते के बाद, ब्रिटेन में बिकने वाले 99% भारतीय उत्पाद कर-मुक्त होंगे। जब ब्रिटेन में भारतीय सामान सस्ता होगा, तो उसकी मांग बढ़ेगी। भारत-ब्रिटेन एफटीए से तमिलनाडु के युवाओं, हमारे लघु उद्योगों, एमएसएमई और स्टार्ट-अप्स को सबसे अधिक लाभ होगा।”
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सात मई की सुबह पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। इसमें भारत की एयरस्ट्राइक में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे, जिसमें जैश और लश्कर जैसे आतंकी संगठनों के आतंकवादी थे। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था। पाकिस्तान ने भी पलटवार करते हुए ड्रोन हमले किए, लेकिन भारत ने हवा में ही मार गिराए। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई एयरबेस पर हमला करते हुए उन्हें तबाह कर दिया था। बाद में दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु में 4,900 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। ये परियोजनाएं तमिलनाडु में हवाई अड्डे, राजमार्गों, रेलवे, बंदरगाह और बिजली से संबंधित हैं। उद्घाटन की गई परियोजनाओं में लगभग 450 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित एक नया अत्याधुनिक तूतीकोरिन हवाई अड्डा टर्मिनल भवन शामिल है। नए टर्मिनल का निर्मित क्षेत्रफल 17,000 वर्ग मीटर से अधिक है और इसमें एक नया एटीसी टावर-सह-तकनीकी ब्लॉक, बड़े विमानों के लिए रनवे का मौजूदा 1,350 मीटर से 3,115 मीटर तक विस्तार सहित अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचे भी शामिल हैं। नया हवाई अड्डा टर्मिनल सालाना 20 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने में सक्षम है, जो मौजूदा क्षमता से छह गुना अधिक है। रेलवे परियोजनाओं के संदर्भ में, इसमें 99 करोड़ रुपये की लागत से चालू की गई 90 किलोमीटर लंबी मदुरै-बोदिनायक्कनूर लाइन का विद्युतीकरण शामिल है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

