डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया चीन यात्रा के बाद भारत-चीन संबंधों में गर्मजोशी की नई शुरुआत देखी गई। इसी बीच अटकलें तेज हो गई थीं कि क्या सरकार चीन के प्रतिबंधित एप्स पर लगी रोक को हटाने पर विचार कर रही है। खासकर टिकटॉक की वापसी को लेकर चर्चाएं जोरों पर थीं।
हालांकि, अब केंद्र सरकार ने इस विषय पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ कहा है कि टिकटॉक पर से बैन हटाने की कोई योजना नहीं है। मनी कंट्रोल को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सरकार के भीतर कोई चर्चा नहीं हुई है और न ही टिकटॉक की मूल कंपनी बाइट डांस से कोई प्रस्ताव सरकार को मिला है।
दरअसल, टिकटॉक की वापसी की अटकलें उस समय तेज हुईं जब हाल ही में तकनीकी गड़बड़ी के चलते भारत में एक बार फिर टिकटॉक की वेबसाइट दिखाई देने लगी थी। इसके साथ ही पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे। लेकिन अब सरकार ने आधिकारिक रूप से साफ कर दिया है कि टिकटॉक की वापसी फिलहाल संभव नहीं है।
गौरतलब है कि जून 2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए चीन के 59 एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद जनवरी 2021 में इस बैन को स्थायी कर दिया गया। उस समय टिकटॉक का सबसे बड़ा यूज़र बेस भारत ही था, जहां करीब 20 करोड़ लोग इसका इस्तेमाल करते थे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
