पटना:बिहार में नीतीश कुमार के बीजेपी का साथ छोड़कर राजद से हाथ मिलाने की चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि जल्द ही जेडीयू एनडीए से नाता तोड़कर बिहार महागठबंधन के साथ मिलकर नई सरकार बना सकती है। इसी बीच नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री अश्विनी चौबे ने बड़ा बयान दिया है। अश्विनी चौबे ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि बिहार में एनडीए की सरकार को बचाने के लिए बीजेपी हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे।
दिल्ली संसद भवन के परिसर में मीडिया से बात करते हुए अश्विनी चौबे ने कहा कि हमेशा बिहार के विकास के लिए बीजेपी ने कुर्बानी देकर राज्य में एनडीए को बचाया है। ऐसे ही आगे भी भाजपा कुर्बानी देकर एनडीए की सरकार को बचाएगी। चौबे ने गठबंधन में दरार की बातों को नकारते हुए कहा कि नीतीश कुमार बिहार में एनडीए के नेता हैं, मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे। अश्विनी चौबे ने आगे कहा कि जिस तरह की अफवाह चल रही हैं, उनपर भाजपा विश्वास नहीं करती है।
वहीं बिहार में अगला सीएम भाजपा का होने के सवाल पर चौबे ने कहा कि जब एनडीए से ही नीतीश कुमार सीएम हैं तो भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही कहां से आता है ? अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार की नीतीश कुमार सरकार में भाजपा के दो डिप्टी सीएम हैं और गठबंधन को बरकरार रखने के लिए बीजेपी हर तरह की कुर्बानी देने को तैयार है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

