डेस्क:यूपी में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनजर हर राजनीतिक दल अपनी तैयारी में जुटा है। इस बीच कांग्रेस ने अपने नेताओं को यूपी से पहले बिहार की चुनावी परीक्षा में उतार दिया है। पार्टी ने बिहार विधान सभा चुनावों में यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत कई को जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय ने शनिवार देर शाम पर्यवेक्षकों की तैनाती संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं।
इसमें राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और लोकसभा में पूर्व कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं, 41 लोगों को जिला चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश से अविनाश पांडे और अजय राय के अलावा ओडिशा कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार लल्लू, सांसद तनुज पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, संजय कपूर और रोहित चौधरी शामिल हैं।
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को यह लिस्ट जारी की गई। बिहार कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट में जानकारी देते हुए लिखा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए निम्नलिखित नेताओं को एआईसीसी वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही बिहार विधानसभा चुनावों के लिए जिला चुनाव पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है।
बता दें कि कांग्रेस ने बिहार चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए 20 साल, 20 सवाल अभियान शुरू किया है। सदाकत आश्रम में एक प्रेस कांफेंस के दौरान शनिवार को एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से कोई भी व्यक्ति बिहार के लोगों से जुड़े मुद्दे पर मौजूदा डबल इंजन सरकार से रोज सवाल करेंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
