स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में शुमार रोहित शर्मा का कप्तानी करियर अब इतिहास बन गया है। टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था और अब वनडे व टेस्ट की कमान भी उन्हें छोड़नी पड़ी है। हालांकि, आंकड़े गवाह हैं कि बतौर कप्तान रोहित ने भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
वनडे में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने 56 मुकाबले खेले, जिनमें से 42 में जीत दर्ज की। सिर्फ 12 मैच हारे, जबकि एक मैच टाई और एक बेनतीजा रहा। उनका जीत प्रतिशत 76 रहा, जो उन्हें वनडे इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार करता है। इसी दौरान भारत ने एशिया कप 2023 और चैंपियंस ट्रॉफी जीती। वनडे विश्व कप 2023 में टीम बिना हारे फाइनल तक पहुंची, हालांकि खिताबी जंग में ऑस्ट्रेलिया ने बाज़ी मार ली।
आईसीसी टूर्नामेंट में रोहित की कप्तानी का दबदबा साफ नजर आया। उनकी अगुआई में भारत ने 30 में से 27 मैच जीते और सिर्फ तीन गंवाए। खास बात यह रही कि रोहित तीनों आईसीसी लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में “प्लेयर ऑफ द मैच” बनने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं।
कप्तान रोहित की बल्लेबाजी
नेतृत्व के साथ रोहित का बल्ला भी खूब बोला। कप्तानी के दौरान उन्होंने 55 पारियों में 2506 रन बनाए। उनका औसत 52.20 रहा, जिसमें 5 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 251 चौके और 126 छक्के जड़े। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 208 रहा, जो बतौर कप्तान उनकी धमाकेदार पारी का गवाह है।
आने वाले दौरे
भारतीय टीम का अगला बड़ा चैलेंज ऑस्ट्रेलिया में है। 19 अक्टूबर से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसका समापन 25 अक्टूबर को होगा। इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी, जो 8 नवंबर तक चलेगी।
कप्तानों का जीत प्रतिशत (कम से कम 100 मैच)
- 72.5% – रोहित शर्मा
- 67.9% – रिकी पोंटिंग
- 67.8% – असगर अफगान
रोहित शर्मा का कप्तानी सफर भले ही थम गया हो, लेकिन उनके बनाए रिकॉर्ड और भारतीय क्रिकेट में छोड़ी गई छाप लंबे समय तक याद की जाएगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
