डेस्क:पति से रिश्ता ठीक नहीं था और तभी सोशल मीडिया पर काजल की मुलाकात एक दूसरे लड़के से हो गई। वह उसे इस कदर पसंद करने लगी कि उसके पीछे बिहार से दिल्ली और फिर सूरत तक पहुंच गई। लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत बेहद खौफनाक हुआ। 22 साल की काजल की लाश एक ट्रैवल बैग में बंद करके गड्ढे में दबा दी गई थी। आरोप है कि जिस प्रेमी को पाने के लिए वह बिहार से गुजरात तक गई उसी ने शादी के दबाव से तंग आकर उसकी हत्या कर दी और फिर उसके दो साल के बेटे को लेकर भाग गया।
सोमवार को पुलिस ने सूरत से करीब 50 किलोमीटर दूर कोसांबा-तरसादी रोड पर एक रेलवे ओवरब्रिज के पास गड्ढे से एक ट्रॉली बैग में लाश बरामद की। हत्या के आरोपी रवि शर्मा (27) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह काजल के बेटे को लेकर भाग निकला था। सूरत पुलिस ने रवि को गिरफ्तार करने के साथ ही काजल के बेटे को भी बरामद कर लिया है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि काजल और रवि की मुलाकात करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। मुजफ्फरपुर के भटोलिया का रहने वाला शर्मा दिल्ली के एक होटल में काम करता था। करीब एक साल पहले मुजफ्फरपुर के ही एक गांव की रहने वाली काजल से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हो गई। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। चैट और फोन पर दोनों की लंबी बात होती थी। काजल शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी था, लेकिन पति से अलगाव की वजह से वह रवि के साथ रहना चाहती थी।
इसकी वजह से वह अपने एक साल के बेटे को लेकर दिल्ली चली गई। दिल्ली में वह अक्सर रवि के होटल में मिलने जाया करती थी। कुछ समय बाद वह रवि पर शादी का दबाव बनाने लगी। लेकिन वह ऐसा नहीं चाहता था। इसकी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। कुछ महीने पहले रवि चुपचाप गुजरात चला गया और वहीं काम करने लगा। उसने काजल से संपर्क तोड़ दिया। उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
रवि जिस दोस्त के सहारे गुजरात पहुंचा था काजल ने उससे संपर्क करके किसी तरह रवि का पता लगा लिया। काजल रवि के पीछे गुजरात पहुंच गई। दिल्ली से कुछ दिन पहले ही अपने बेटे को लेकर वह कोसांबा गई थी। वह यहां रवि के साथ रहने लगी और उस पर शादी का दबाव बनाने लगी। रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो रवि ने गला दबाकर काजल को मार डाला।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

