डेस्क:फिरोजपुर में शनिवार रात आरएसएस के नेता के बेटे की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नवीन अरोड़ा के रूप में हुई है। वह पंजाब के राष्ट्रीय स्वयं संघ के वरिष्ठ नेता बलदेव राज अरोड़ा का बेटा था। उसके दादा दीनानाथ अरोड़ा आजादी के समय के आरएसएस नेता रहे हैं। नवीन शहर के मोची बाजार में मनियारी की दुकान चलाता था। शनिवार रात को वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था, तभी बीच रास्ते में दो बदमाश आए और उस पर गोलियां दाग दीं। नवीन के सिर पर गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद शहर के बाण बाजार की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस वारदात स्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
टार्गेट किलिंग का लग रहा मामला
नवीन अरोड़ा शनिवार रात को दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। रास्ते में यूको बैंक के पास बीच बाजार उस पर गोलियां बरसाई गई। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को शुरूआती जांच में यह मामला टार्गेट किलिंग का लग रहा है।
भाजपा नेताओं, व्यापारियों में आक्रोश, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद दहशत फैल गई। पूरा बाजार विरोध में बंद कर दिया गया। भाजपा नेता सड़क पर उतर गए और सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराधियों में कानून और पुलिस का कोई डर नहीं है। रोजाना सरेआम हत्याएं हो रही हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्विनी मेहता ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से फिर साबित हो गया है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकार को इसके लिए गंभीर होना पड़ेगा वर्ना लोग रोज ऐसे ही मरते रहेंगे। वहीं, वारदात के बाद पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं। शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और नाकाबंदी कर दी गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

