स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल में केकेआर द्वारा रिलीज किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान के नखरे और बांग्लादेश की टी20 वर्ल्ड कप को लेकर अड़चनें उसकी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि न तो उसके भारत में होने वाले मैचों को किसी अन्य जगह शिफ्ट किया जाएगा और न ही उसके ग्रुप में किसी टीम के साथ बदलाव किया जाएगा। यदि बांग्लादेश भारत में खेलने से इंकार करता है, तो उसे वर्ल्ड कप से बाहर भी किया जा सकता है और उसकी जगह किसी अन्य टीम को मौका मिल सकता है।
बीसीबी और आईसीसी के बीच इस मुद्दे पर हाल ही में ढाका में बातचीत हुई थी। बांग्लादेश चाहता है कि वह वर्ल्ड कप खेले, लेकिन उसके मैच भारत के बाहर आयोजित किए जाएँ। आईसीसी ने अब बीसीबी को 21 जनवरी तक की डेडलाइन दी है। यदि तब तक बांग्लादेश अपने रुख पर कायम रहता है, तो आईसीसी अंतिम निर्णय लेगी।
तीन हफ्ते से जारी गतिरोध
बांग्लादेश ने 4 जनवरी को आईसीसी को पत्र लिखकर टी20 वर्ल्ड कप के अपने ग्रुप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी। टीम ग्रुप सी में है और उसके सभी ग्रुप मैच भारत में होने हैं। पहला मुकाबला कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ तय है। इसके बाद वह उसी मैदान पर अगले दो मैच और खेलेगी, जबकि अंतिम ग्रुप मैच मुंबई में है। बीसीबी ने भारत में नहीं खेलने का कारण सुरक्षा बताया है। तीन हफ्ते से बातचीत जारी है, लेकिन कोई अंतिम हल नहीं निकला।
आईसीसी ने सुरक्षा चिंताओं को ठुकराया
शनिवार को हुई आईसीसी-बीसीबी की दूसरी बैठक में बीसीबी ने भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। हालांकि, आईसीसी ने इसे आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया। आईसीसी ने एक स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी से भारत में मैचों की सुरक्षा का आकलन कराया, जिसमें किसी भी टीम के लिए कोई खतरा नहीं पाया गया। आईसीसी ने सभी 20 टीमों को यह सुरक्षा अडवाइजरी भी भेजी है।
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड?
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी अब 21 जनवरी तक बीसीबी के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही है। यदि बांग्लादेश भारत में खेलने से इंकार करता है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को वर्ल्ड कप में मौका दिया जा सकता है। मौजूदा रैंकिंग के अनुसार, स्कॉटलैंड को इसकी सबसे बड़ी संभावना है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

