डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है और आरोप लगाया है कि वोट पाने के लिए उन्होंने झूठ बोलकर खुद को ‘चाय वाला’ बताया। खरगे ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर ‘विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम’ को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को खत्म करना गरीबों को ‘बंधुआ मजदूर’ बनाने की साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि 28 जनवरी से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र में कांग्रेस इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगी।
खरगे ने कांग्रेस के नवगठित प्रकोष्ठ ‘रचनात्मक कांग्रेस’ के कार्यक्रम ‘मनरेगा बचाओ मोर्चा’ को संबोधित करते हुए कहा, “वोट पाने के लिए मोदी जी कहते रहते हैं कि मैं चाय वाला हूं। क्या उन्होंने कभी चाय बनाई है? क्या रेल के डिब्बों में लोगों को चाय पिलाई है? यह सब सिर्फ नाटक है। उनकी आदत गरीबों को सताने की है।”
कांग्रेस ने उनके भाषण के अंश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए। पोस्ट में कहा गया, “देश को केवल नरेंद्र मोदी और अमित शाह चलाते हैं। ये देश के लिए काम नहीं करते, सिर्फ चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। बुलेट ट्रेन लाने की बात करते हैं, लेकिन नई पटरियां तक नहीं बिछा पाए। मोदी जी कभी मजदूरी करते तो मजदूरों का दर्द समझ पाते। वोट पाने के लिए कहते हैं, मैं चाय वाला हूं। यह सब उनका नाटक है।”
भाजपा का पलटवार
खरगे के बयान पर भाजपा नेता टॉम वडक्कन ने कहा कि मोदी एक साधारण परिवार से आते हैं, इसे नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “कांग्रेस में ऐसे लोग हैं जो शाही परिवार में पैदा हुए हैं। क्या वे अपने विशेषाधिकार को नकार सकते हैं? कांग्रेस सच्चाई के साथ कभी नहीं खड़ी होती।”
वहीं, 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले मोदी अक्सर अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि का ज़िक्र करते रहे हैं, और कांग्रेस नेताओं ने इसे बार-बार विवादित बनाने की कोशिश की है।
मनरेगा बचाने का ऐलान
खरगे ने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस मनरेगा को बचाने के लिए आंदोलन करेगी। योजना को खत्म करना सिर्फ कमजोर वर्गों पर प्रहार नहीं है, यह महात्मा गांधी जी की स्मृति और ग्राम स्वराज की सोच पर हमला है। पहली बार कोई दल किसी योजना के महात्मा गांधी नाम को हटाने की हिमाकत कर रहा है, और देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

