स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा की मानसिक मजबूती, संयम और मैच के दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता की खुलकर सराहना की है। रोहित का मानना है कि तिलक वर्मा में कुछ खास है और उनका एटीट्यूड उन्हें दूसरों से अलग बनाता है। इसके साथ ही रोहित ने टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को आगामी टी20 विश्व कप के लिए मज़ाकिया अंदाज़ में एक खास “सलाह” भी दी।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाले टी20 विश्व कप का आगाज़ 7 फरवरी से होगा। पिछली बार भारत ने यह खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में ही जीता था।
जियोहॉटस्टार के एक शो में बातचीत के दौरान रोहित शर्मा ने तिलक वर्मा को “बड़े मैचों का खिलाड़ी” बताया। उन्होंने कहा,
“मुझे लगता है कि उसमें कुछ अलग है। उसका एटीट्यूड शानदार है और सबसे अहम बात उसका टेम्परामेंट है। खासकर पिछले साल एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उसकी पारी अविश्वसनीय थी। वह पहले से ही संकेत दे रहा है कि वह बड़ा मैच प्लेयर है।”
आगामी टी20 विश्व कप में तिलक वर्मा भारत के लिए एक अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। अब तक उन्होंने 40 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1183 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए तिलक ने 15 पारियों में 60.22 के औसत से 542 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 160 से अधिक रहा है, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं कुलदीप यादव को लेकर रोहित शर्मा ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा,
“कोई सलाह नहीं है भाईसाहब को। चुपचाप अपनी गेंद डालो और पीछे जाओ, हर गेंद पर अपील नहीं कर सकते यार।”
कुलदीप यादव ने अब तक 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 90 विकेट झटके हैं। वह तीन बार चार विकेट हॉल और दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं। पिछले साल एशिया कप में कुलदीप सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे थे, जहां उन्होंने सात मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए थे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

