अमृतसर : कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर और पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी, नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी से बाहर कर दिया है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने अमृतसर में दी। भूपेश बघेल ने बताया कि नवजोत कौर सिद्धू पहले से ही पार्टी से निलंबित थीं और अब पार्टी ने संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें औपचारिक रूप से निकालने का कदम उठाया है।
भूपेश बघेल ने कहा, “कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” यह कदम अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन के खिलाफ गतिविधियों के चलते उठाया गया।
हालांकि, कुछ दिन पहले नवजोत कौर ने स्वयं सार्वजनिक रूप से कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया था। उनके पार्टी से निष्कासन के बाद, नवजोत कौर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कांग्रेस हाईकमान, विशेषकर राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी अपनी बनाई हुई दुनिया में रहते हैं और जमीनी हकीकत से अनभिज्ञ हैं। नवजोत कौर ने आरोप लगाया कि उनके करीबी समर्थक व्यक्तिगत लाभ में व्यस्त रहते हैं और पार्टी के लिए ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं की अनदेखी होती है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “सच बोलना और उसका सामना करना सीखो। ईमानदार और मेहनती लोगों की इज्जत करना सीखिए, वरना आप राजनीति में अपना वजूद खो देंगे।”
इसके अलावा, नवजोत कौर ने बीजेपी की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने उनके टैलेंट को पहचाना और 2012 में उन्हें विधायक का टिकट दिया, जब वे अस्पताल में कार्यरत थीं। नवजोत ने कहा कि उन्हें पार्टी में ईमानदारी और स्वतंत्रता से काम करने का अवसर मिला।
इस कदम के बाद पंजाब की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। नवजोत कौर के कांग्रेस से निष्कासन और उनके द्वारा हाईकमान पर सीधे आरोप लगाने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि पंजाब में पार्टी के आंतरिक संतुलन पर इसका क्या असर पड़ेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
