मुरादाबाद : जिले के मझोला थाना क्षेत्र स्थित टीचर्स कॉलोनी में गुरुवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कथित तौर पर ‘नशेड़ी’ कहे जाने से नाराज दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा निवासी शकील अहमद पिछले कुछ महीनों से परिवार सहित जयंतीपुर इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी रुकसाना (40), तीन बेटियां और चार बेटे हैं। बड़ी बेटी साहिबा की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मोती मस्जिद निवासी गुलनवाज से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते गुलनवाज अपने पैतृक घर से अलग रह रहा था और पिछले दो महीनों से ससुराल में ही एक कमरे में पत्नी के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब आठ बजे रुकसाना रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गुलनवाज का मित्र मुस्तफा उसे बुलाने घर पहुंचा। जब वह उसके साथ जाने लगा तो रुकसाना ने उसे ‘नशेड़ी’ कहकर टोका। परिजनों के मुताबिक गुलनवाज को नशे की लत थी और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। सास की इस टिप्पणी से नाराज होकर गुलनवाज ने आपा खो दिया और तमंचा निकालकर रुकसाना पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
वारदात के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी अपने दोस्त के साथ हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। परिजन घायल रुकसाना को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतका के दामाद गुलनवाज और उसके साथी मुस्तफा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मुस्तफा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
मृतका की बेटी साहिबा ने रोते हुए कहा कि जिस मां ने उसके पति को सहारा देकर अपने घर में जगह दी, उसी की उसने जान ले ली। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और सात बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
