नई दिल्ली : होली के मौके पर पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में 26 वर्षीय युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और इलाके में हिंसक माहौल उत्पन्न हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भड़काऊ और हिंसक बयान दिए गए, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। इस बीच लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर ईद के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की गई। कोर्ट ने याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार करते हुए प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अदालत ने कहा है कि उत्तम नगर और आसपास के क्षेत्रों में ऐसी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना बनी रहे। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि सुरक्षा इंतजाम केवल ईद तक ही सीमित न रहें, बल्कि रामनवमी तक जारी रखे जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसी क्रम में दिल्ली पुलिस ने द्वारका जिले समेत करीब 100 संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। कई स्थानों पर पिकेट पॉइंट बनाए गए हैं और रूफटॉप सर्विलांस के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही बैरिकेडिंग को भी मजबूत किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
याचिका में 4 मार्च की घटना का जिक्र करते हुए कहा गया है कि युवक तरुण की पीट-पीटकर हत्या के बाद मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई। इसमें आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक मंचों से भड़काऊ भाषण दिए गए और ईद की नमाज को बाधित करने की अपील भी की गई।
इसी मामले को लेकर कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में एक विशेष समुदाय को लगातार धमकियां दी जा रही हैं और नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, अधिवक्ता नित्या रामकृष्णन ने अदालत में सुनवाई के दौरान आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो ईद के मौके पर स्थिति और बिगड़ सकती है। याचिका में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों के जीवन व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

