डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ा अल्टीमेटम दिया है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को 48 घंटे के अंदर खोल नहीं दिया गया तो अमेरिका ईरानी पावर प्लांट्स को तबाह कर देगा। ट्रंप ने अपने सोशल प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान को तुरंत इस रणनीतिक जल मार्ग को खोल देना चाहिए। यह जलडमरूमध्य इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद से बंद है।
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यदि ईरान पूरी तरह से इस मार्ग को नहीं खोलता है तो ठीक 48 घंटे बाद अमेरिकी हमले शुरू होंगे, और सबसे पहले देश के सबसे बड़े पावर प्लांट को निशाना बनाया जाएगा। होर्मुज जलडमरूमध्य से लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल शिपमेंट गुजरते हैं, इसलिए ईरान द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण दुनिया भर में तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है और ऊर्जा संकट पैदा हो गया है।
ईरान का हिंद महासागर में हमला
ईरान ने हिंद महासागर में स्थित अमेरिका-ब्रिटेन संयुक्त हवाई अड्डे को निशाना बनाया और अपने मुख्य परमाणु संवर्धन स्थल पर एक बार फिर हमला किया। शनिवार को नतांज परमाणु संयंत्र पर हवाई हमला हुआ, जिसकी जानकारी ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी मिजान ने दी।
ईरान ने लगभग 4,000 किलोमीटर दूर स्थित डिएगो गार्सिया एयरबेस पर भी हमला किया। इससे संकेत मिलता है कि तेहरान के पास अब ऐसी मिसाइलें हैं जिनकी दूरी पहले से कही अधिक है।
इजरायल ने ईरान के खिलाफ बढ़ाई चेतावनी
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा कि आने वाले सप्ताह में ईरान के खिलाफ हमलों की तीव्रता काफी बढ़ेगी। पश्चिम एशिया में युद्ध के चौथे सप्ताह में प्रवेश करते हुए काट्ज़ ने वीडियो बयान में कहा, “अगले सप्ताह, इजराइल और अमेरिकी सेना द्वारा ईरानी शासन और उसके आधारभूत ढांचों के खिलाफ हमलों की गति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।”
अमेरिका के मिले-जुले संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार पश्चिम एशिया में सैन्य अभियानों को “धीरे-धीरे कम” करने पर विचार कर रही है। इसके बावजूद अमेरिका ने क्षेत्र में और युद्धपोत तथा मरीन सैनिक तैनात करने की घोषणा भी की है।
ये मिले-जुले संकेत ऐसे समय में आए हैं जब तेल की बढ़ती कीमतों के कारण अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट आई है। ट्रंप प्रशासन ने ईरानी तेल से लदे जहाजों पर लगे प्रतिबंध भी हटा दिए हैं, जिसका उद्देश्य बढ़ती ईंधन कीमतों को नियंत्रित करना बताया गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
