डेस्क: दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को मंगलवार सुबह एक बार फिर बम धमकी मिलने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें न केवल विधानसभा भवन बल्कि नजदीकी मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले मंगलवार सुबह 7:28 बजे दिल्ली विधानसभा की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आया। इसके कुछ समय बाद 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की ईमेल पर भी इसी प्रकार की धमकी प्राप्त हुई।
इस ईमेल में केवल विधानसभा और स्पीकर का ही नहीं, बल्कि अन्य उच्च अधिकारियों और नेताओं का भी नाम शामिल किया गया था। सूची में दिल्ली के LG तरनजीत संधू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हैं।
हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल और अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मेट्रो स्टेशनों और विधानसभा मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियां गंभीरता से ली जाती हैं और इसे लेकर सभी संभावित सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही, आम जनता को भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की हिदायत दी गई है।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब दिल्ली विधानसभा और स्पीकर को धमकी मिली हो। इससे पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसी किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

