स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने 2026 फीफा विश्व कप में ईरान की भागीदारी का मजबूती से समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा चिंताओं के बावजूद ईरान की टीम टूर्नामेंट में जरूर शामिल होगी।
सीएनबीसी के ‘इन्वेस्ट इन अमेरिका फोरम’ में बुधवार को बोलते हुए इन्फेंटिनो ने ईरान की भागीदारी पर उठ रहे सवालों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “ईरानी टीम निश्चित रूप से आएगी। हम उम्मीद करते हैं कि तब तक स्थिति शांतिपूर्ण होगी, जो निश्चित रूप से बेहतर होगा। लेकिन ईरान को आना ही होगा। उन्होंने क्वालिफाई किया है और खिलाड़ी खेलना चाहते हैं।”
इन्फेंटिनो ने हाल ही में तुर्किये के अंताल्या में ईरानी टीम से मुलाकात का जिक्र करते हुए उनकी क्षमता और खेलने की इच्छा की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं उनसे मिला था, वे एक अच्छी टीम हैं और वे वास्तव में खेलना चाहते हैं। खेल को राजनीति से अलग रहना चाहिए।”
2026 का विश्व कप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 11 जून को मेक्सिको सिटी में शुरू होगा और 19 जुलाई को न्यू जर्सी में फाइनल के साथ समाप्त होगा। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें और 104 मैच शामिल होंगे, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप बनाता है।
वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार ईरान ने ग्रुप जी में जगह बनाई है और उसे अपने मैच लॉस एंजिल्स और सिएटल में खेलने हैं। ईरान को बेल्जियम, न्यूजीलैंड और मिस्र जैसी टीमों का सामना करना है। हालांकि, क्षेत्रीय तनावों के कारण उसकी अमेरिका में भागीदारी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों के बाद यह विवाद और बढ़ गया। ट्रंप ने पहले कहा था कि ईरान का स्वागत है, लेकिन बाद में उन्होंने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कहा कि वह नहीं मानते कि ईरानी टीम का वहां होना उचित होगा, क्योंकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती।
इसके बाद ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने कहा कि वे फीफा के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि अपने मैच मैक्सिको में आयोजित कराए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जब सुरक्षा को लेकर आश्वासन नहीं है, तो ईरान की टीम अमेरिका नहीं जाएगी।
फिलहाल ईरान के ग्रुप चरण के मैच लॉस एंजिल्स और सिएटल में निर्धारित हैं, जिनमें सोफी स्टेडियम जैसे प्रमुख वेन्यू शामिल हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

