डेस्क : लखनऊ में महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया। भारतीय जनता पार्टी की नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शुक्रवार देर रात विधानसभा के सामने समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा दोनों दलों के झंडे जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
अपर्णा यादव ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे महिला आरक्षण के मुद्दे पर सिर्फ “दिखावा” कर रहे हैं। उनका आरोप था कि ये दल नहीं चाहते कि सामान्य परिवार की महिलाएं आगे बढ़कर संसद तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल “परिवारवाद” को बढ़ावा दे रहा है और देश की “नारी शक्ति” इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि उन्होंने महिला आरक्षण कानून को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास किए हैं। उन्होंने लोकसभा में हुई प्रक्रिया को “दुखद और कलंकित करने वाली” बताया। अपर्णा ने यह भी कहा कि यदि विधेयक पारित हो जाता तो पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल होता और इसके लिए पहले से तैयारियां भी की जा रही थीं।
इसी बीच समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर भी देर रात महिलाओं का प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। महिला आयोग की एक सदस्य ने आरोप लगाया कि बिल पास न होने से महिलाओं की उम्मीदों को झटका लगा है और इसके लिए विपक्ष जिम्मेदार है।
वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को प्रदर्शन के लिए “कम से कम 12 महिलाएं” तो जरूर भेजनी चाहिए थीं।
दूसरी ओर संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन विधेयक 2026 पारित नहीं हो सका। मतदान में विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पारित करने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी। इस तरह यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत से दूर रह गया।
इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की महिलाएं देख रही हैं कि उनके अधिकारों के रास्ते में कौन बाधा बन रहा है और उन्हें इसका जवाब मिलेगा।
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी विपक्ष के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि यह महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर था, जिसे विपक्ष ने गंवा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को अधिकार दिलाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
