डेस्क : कानपुर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हाईस्कूल परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने रिजल्ट आने के अगले ही दिन आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों ने स्कूल के कुछ शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना और ताने मारने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक छात्रा वैशाली सिंह कानपुर के पनकी क्षेत्र की निवासी थी। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं। पिता का दो वर्ष पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद मां नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। परिवार के अनुसार, रिजल्ट आने के दिन घर में खुशी का माहौल था, क्योंकि वैशाली ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
लेकिन अगले दिन अचानक वैशाली अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वैशाली के भाई ने आरोप लगाया कि स्कूल के कुछ शिक्षक अक्सर उसकी बहन की तुलना उससे करते थे और कहते थे कि “तुम्हारा भाई निठल्ला और कामचोर है।” परिजनों का कहना है कि इन तानों से वैशाली मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। हाल के दिनों में वह चुप-चुप रहने लगी थी और तनाव में दिखाई देती थी।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि परिवार के आरोपों की भी जांच की जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
