डेस्क : चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान ईवीएम के उम्मीदवारों वाले बटन पर गोंद, स्याही, परफ्यूम या किसी अन्य पदार्थ का इस्तेमाल पाया जाता है तो इसे गंभीर अनियमितता माना जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आयोग के अनुसार, बैलेट यूनिट पर लगे सभी बटन साफ, सुरक्षित और सुचारु स्थिति में होने चाहिए, ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। किसी भी बटन को चिपकाने, ढंकने या निष्क्रिय करने का प्रयास चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप माना जाएगा।
निर्देशों में कहा गया है कि मतदान केंद्रों पर तैनात पीठासीन अधिकारी और मतदान कर्मी ईवीएम की नियमित निगरानी करें। यदि किसी मशीन में गड़बड़ी, बटन पर संदिग्ध पदार्थ या छेड़छाड़ के संकेत मिलते हैं तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाए।
चुनाव आयोग ने यह भी कहा है कि ऐसी घटनाएं मतदान की निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्रभावित कर सकती हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित बूथ पर पुनर्मतदान कराने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
आयोग के इस कदम को आगामी चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव आयोग ने दोहराया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
