कोलंबो : श्रीलंका सरकार ने एक गंभीर साइबर सुरक्षा उल्लंघन की पुष्टि करते हुए बताया है कि सरकारी खाते से 2.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक) की राशि चोरी हो गई है। यह धनराशि एक विदेशी ऋण भुगतान का हिस्सा थी, जिसे हैकर्स ने डिजिटल धोखाधड़ी के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार यह घटना वित्त मंत्रालय के बाहरी संसाधन विभाग से जुड़ी हुई है, जहां साइबर हमलावरों ने सिस्टम में घुसपैठ कर भुगतान प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया। यह राशि ऑस्ट्रेलिया को भेजी जानी थी, लेकिन तकनीकी और सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर इसे गलत खाते में स्थानांतरित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह साइबर हमला अत्यंत सुनियोजित तरीके से किया गया था, जिसमें मंत्रालय की डिजिटल भुगतान प्रणाली को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने माना है कि सुरक्षा प्रणाली में गंभीर चूक हुई, जिसकी वजह से यह वित्तीय नुकसान हुआ।
सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इसके साथ ही साइबर अपराध जांच इकाई और केंद्रीय बैंक की वित्तीय खुफिया इकाई को भी जांच में शामिल किया गया है। कई संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और कुछ को निलंबित भी किया गया है।
श्रीलंका सरकार ने कहा है कि वह इस धनराशि की वसूली के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के संपर्क में है और मामले की पूरी जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब श्रीलंका पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह साइबर हमला देश की डिजिटल वित्तीय प्रणाली की कमजोरियों को उजागर करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
