स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय स्टार शटलर पी. वी. सिंधु ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन जगत में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु को बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) परिषद में पूर्ण मतदान सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
सिंधु को बीडब्ल्यूएफ एथलीट्स कमीशन की अध्यक्ष चुने जाने के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने वर्ष 2025 के अंत में परिषद में आधिकारिक रूप से प्रवेश किया। डेनमार्क के हॉर्सेन्स में आयोजित बीडब्ल्यूएफ वार्षिक आम बैठक में उन्होंने पहली बार परिषद सदस्य के रूप में हिस्सा लिया।
बीडब्ल्यूएफ परिषद विश्व बैडमिंटन की नीतियों, योजनाओं और खेल के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। मतदान सदस्य बनने के बाद सिंधु अब उन निर्णयों में अपनी भूमिका निभाएंगी, जो वैश्विक बैडमिंटन को नई दिशा देंगे।
सिंधु की नियुक्ति इसलिए भी खास है क्योंकि किसी सक्रिय खिलाड़ी का खेलते हुए परिषद में मतदान अधिकार के साथ शामिल होना बेहद दुर्लभ माना जाता है। इससे खिलाड़ियों की समस्याएं, अनुभव और सुझाव सीधे शीर्ष स्तर तक पहुंच सकेंगे।
इस अवसर पर सिंधु ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, “बैडमिंटन ने मुझे बहुत कुछ दिया है। अब इस खेल को नई भूमिका में योगदान देने का अवसर मिला है, इसके लिए मैं आभारी हूं। मैं दुनिया भर के खिलाड़ियों की आवाज को मजबूती से रखूंगी।”
बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष खुनयिंग पतामा लीस्वादत्राकुल ने सिंधु की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक कोर्ट पर शानदार प्रदर्शन किया है और अब प्रशासनिक स्तर पर भी उनका अनुभव खेल के विकास में मदद करेगा।
पी. वी. सिंधु की यह नई जिम्मेदारी भारतीय बैडमिंटन के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। इससे न केवल भारत की वैश्विक खेल प्रशासन में भागीदारी मजबूत होगी, बल्कि खिलाड़ियों की आवाज को भी नया मंच मिलेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

