डेस्क : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में रविवार को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रयागराज एसटीएफ की टीम द्वारा की गई, जिसमें एक सिपाही और एसटीएफ प्रभारी भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, भानु प्रताप सिंह पर विभिन्न जिलों में गंभीर आपराधिक मामलों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे और उसके ऊपर लगभग दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी। मुठभेड़ अयोध्या क्षेत्र के महाराजगंज थाना इलाके में अहमदपुर घाट तिराहे के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ टीम को इनामी बदमाश की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के दौरान एसटीएफ के एक अधिकारी और एक सिपाही को गोली लगने से चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, भानु प्रताप सिंह संगठित अपराध गिरोह से जुड़ा हुआ था और कई आपराधिक घटनाओं में उसकी सक्रिय भूमिका रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत