इस्लामाबाद : पाकिस्तान की मेजबानी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के पाकिस्तान दौरे के दौरान स्वागत समारोह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ स्वयं तो छाते की छांव में चलते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके विशिष्ट अतिथि ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची तेज धूप में चलते नजर आते हैं।
वीडियो में एक क्षण ऐसा भी दिखाई देता है जब पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी छाते की ओर बढ़ते हैं, लेकिन शहबाज़ शरीफ़ आगे बढ़ जाते हैं और छाता उनके साथ ही चलता रहता है। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया को नया विषय मिल गया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने मेजबानी के तौर-तरीकों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने चुटकी लेते हुए लिखा कि पाकिस्तान में शायद “अतिथि देवो भव” की जगह “छाता स्वयं भव” की परंपरा चल पड़ी है। किसी ने टिप्पणी की कि मेहमान को धूप और मेजबान को छांव—यह कूटनीति का नया संस्करण है। वहीं कुछ लोगों ने इसे महज एक असावधानी बताया।
हालांकि इस वायरल पल से इतर दोनों देशों के बीच हुई औपचारिक वार्ताएं काफी महत्वपूर्ण रहीं। दोनों पक्षों ने व्यापार, कृषि, प्रौद्योगिकी, सीमा सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग और साइबर सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। ईरान ने पाकिस्तान से मांस आयात बढ़ाने में भी रुचि दिखाई।
ईरानी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। हाल के क्षेत्रीय तनावों के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा मानी जा रही है, इसलिए इस दौरे को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल, जिस मुलाकात का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देना था, उसकी सबसे अधिक चर्चा उस छाते की हो रही है, जिसने कुछ मिनटों के लिए इंटरनेट पर कूटनीति से ज्यादा कॉमेडी का विषय बना दिया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत