गोरखपुर:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व की ज्यादा शिकायतें आने पर जिम्मेदारों को चेताया है कि थाने-तहसील में फरियादियों को दौड़ाया तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
गोरखपुर के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ प्रस्थान करने के पहले गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिन्दू सेवाश्रम में जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायत सुनीं। इस दौरान 170 फरियादियों से खुद मुलाकात कर उनकी समस्या पूछी और प्रार्थनापत्र लिया। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि घबराइए मत, सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री साथ चल रहे अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंप कर उन्हें कार्रवाई के लिए जरूरी दिशा निर्देश देते रहे। जनता दर्शन में राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतें सबसे ज्यादा आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अफसरों को लापरवाहों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। योगी ने निर्देशित किया कि जमीन की पैमाइश और राजस्व संबंधी मामलों का तहसीलों में निस्तारण तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में जहां जरूरत पड़े, पुलिस बल भी साथ लिया जाए। उन्होंने थानों और तहसीलों में समस्याओं के समाधान के प्रति अधिकारियों को निर्देशित किया।
भाषा-बोली और संस्कृति का संरक्षण हर किसी का दायित्व
हिन्दी साहित्य संस्थान उत्तर प्रदेश से सम्मानित डॉ. अनिता अग्रवाल द्वारा मारवाड़ी बोली में अनूदित एवं प्रकाशित ‘दुर्गा सप्तशती’ का रामनवमी पर गोरक्षपीठाधीश्वर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विमोचन किया। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा, बोली और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रसार हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने डॉ अनिता अग्रवाल के इस प्रयास की सराहना की, उनके द्वारा श्रीरामचरितमानस के ‘सुंदरकांड’ का पूर्व में किए गए मारवाड़ी बोली में अनुवाद को भी रेखाकिंत किया।
धरोहर छायाकार डॉ संदीप की उपलब्धि को भी सीएम ने सराहा
सीएम योगी ने 30 मिनट में श्रीगोरक्षनाथ मंदिर के 303 छाया चित्र खींच कर लिम्का बुक आफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने वाले धरोहर कलाकार डॉ संदीप श्रीवास्तव का भी मनोबल बढ़ाया। डॉ. संदीप श्रीवास्तव, डॉ. अनिता के साथ ही गोरखनाथ मंदिर पहुंचे थे। गोरक्षनाथ मंदिर के विभिन्न एंगल और शेड्स का 30 मिनट में छायांकन कर डॉ संदीप के रिकार्ड बनाने पर सीएम योगी ने हर्ष व्यक्त किया। कहा कि श्री गोरक्षनाथ मंदिर हम सब की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। इसे नए सोच और सृजनात्मक दृष्टि से नए स्वरूप में प्रस्तुत करने का कीर्तिमान बना संदीप ने गौरव की अनुभूति कराया है। संदीप ने बताया कि उन्होंने 30 मिनट में 650 तस्वीरें खिंची जिनमें 303 तस्वीरों को लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम ने रिकार्ड्स की सूची के लिए दर्ज किया।
पूजन कर सीएम योगी ने की गोसेवा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह शिवावतारी गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। उसके बाद अखण्ड ज्योति का दर्शन कर ब्रह्मलीन गोरक्षपीठाधीश्वर द्वय महंत दिग्विजयनाथ एवं महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। गोशाला में तकरीबन 20 मिनट तक गोसेवा की। इस दौरान उन्होंने गोशाला में कार्यरत सेवकों को बदलते मौसम का ध्यान रखते हुए गोवंशियों का ध्यान रखने के जरूरी दिशा निर्देश दिए।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
