चंडीगढ़:पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू आज गवर्नर बीएल पुरोहित से मिलेंगे। खास बात यह है कि पार्टी के मौजूदा प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग उनके साथ नहीं होंगे। सिद्धू अपने साथ करीबी नेता अश्वनी शेखड़ी और नवतेज चीमा को लेकर जाएंगे। गवर्नर ने 3 मेंबरी प्रतिनिधिमंडल के साथ सिद्धू को मिलने के लिए 11 बजे का वक्त दिया है। हालांकि सिद्धू की इस ‘एकला चलो रे’ की नीति से कांग्रेस के भीतर नाराजगी बढ़ने लगी है।
गवर्नर से मुलाकात में सिद्धू लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा उठाएंगे। सिद्धू का कहना है कि पंजाब में नई सरकार के बाद कई हत्याएं हो चुकी है। सरकार अमन-कानून व्यवस्था को कंट्रोल करने में कामयाब नहीं हो रही। इसके अलावा राज्य में पैदा हुए बिजली संकट को भी उठाया जाएगा। दूसरे कई मुद्दे भी सिद्धू की लिस्ट में हैं।
राजा वड़िंग ने दी थी चेतावनी, खुद को मजबूत न करें
पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने नवजोत सिद्धू को चेतावनी दी थी कि अगर वह कांग्रेस को मजबूत करने के लिए मीटिंग कर रहे हैं तो सही है लेकिन खुद के लिए ऐसा न करें। कांग्रेस में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वड़िंग कल औपचारिक रूप से पंजाब में कांग्रेस प्रधान की कुर्सी संभालेंगे।
हाईकमान को ताकत दिखा रहे सिद्धू
नवजोत सिद्धू कैप्टन को हटाने के बाद CM बनना चाहते थे। हालांकि उनकी जगह चरणजीत चन्नी सीएम बन गए। फिर सिद्धू ने पंजाब चुनाव में उन्हें CM चेहरा बनाने को कहा। कांग्रेस हाईकमान उससे भी सहमत नहीं हुआ। इस पर सिद्धू ने साफ किया कि वह भले कांग्रेस के प्रधान हैं लेकिन हार-जीत की जिम्मेदारी चन्नी की होगी। कांग्रेस चुनाव हारी तो सोनिया गांधी ने सिद्धू का इस्तीफा ले लिया। इसके बाद सिद्धू फिर प्रधान बनना चाहते थे लेकिन हाईकमान ने वड़िंग को बना दिया। इसके बाद वह मीटिंग और पंजाब के मुद्दे उठाकर हाईकमान को ताकत दिखाने में जुटे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
