नई दिल्ली:कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को शुक्रवार को मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई। कोर्ट ने राहुल गांधी को मिली सजा पर रोक लगा दी है। अब कांग्रेस नेता की सांसदी भी बहाल हो सकेगी। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। पार्टी ने इसे नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत बताया है। साथ ही, राहुल गांधी का संसद में कारोबारी गौतम अडाणी को घेरते हुए दिए गए भाषण का पोस्टर भी ट्वीट किया है। ट्वीट में लिखा गया है, ‘आ रहा हूं… सवाल जारी रहेंगे।”
राहुल को राहत मिलने के बाद लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सदन, संविधान में हर जगह यह देखने को मिलेगा- सत्यमेव जयते। राहुल गांधी के खिलाफ घिनौनी साजिश रची गई थी, जोकि आज साबित हुई है कि यह साजिश नाकाम हो गई है। आज सुबह हम सभी ने प्रार्थना की थी कि राहुल गांधी के खिलाफ जो इल्जाम लगाए गए, उनसे उन्हें राहत मिले। कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए सत्य साबित कर दिया है कि अब भी देश में कोर्ट है, जहां पर लोगों को न्याय मिलता है। राहुल गांधी की जीत पीएम मोदी पर भारी पड़ेगी। अगले दिन राहुल गांधी आंधी बनकर उतरेंगे। जितनी साजिश करनी है करते जाइए, राहुल गांधी को रोकने वाला कोई नहीं है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सत्य और न्याय की मजबूत पुष्टि है। उन्होंने ट्विटर पर कहा, “भाजपा मशीनरी के अथक प्रयासों के बावजूद, राहुल गांधी ने झुकने, टूटने से इनकार कर दिया है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में अपना विश्वास रखने का विकल्प चुना है। यह भाजपा और उसके समर्थकों के लिए एक सबक है। आप अपना सबसे बुरा काम कर सकते हैं लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। हम एक सरकार और एक पार्टी के रूप में आपकी विफलताओं को उजागर करना और उजागर करना जारी रखेंगे। सत्यमेव जयते!”
जस्टिस बी आर गवई, जस्टिस पी एस नरसिम्हा और जस्टिस संजय कुमार की तीन-जजों की पीठ ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि बयान अच्छे नहीं थे और सार्वजनिक जीवन में एक व्यक्ति से सार्वजनिक भाषण देते समय सावधानी बरतने की उम्मीद की जाती है। पीठ ने कहा, ”ट्रायल जज द्वारा अधिकतम सजा देने का कोई कारण नहीं बताया गया है, अंतिम फैसला आने तक दोषसिद्धि के आदेश पर रोक लगाने की जरूरत है।” शीर्ष अदालत गुजरात उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली गांधी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसने उनकी ‘मोदी सरमेन’ टिप्पणी पर मानहानि मामले में उनकी सजा पर रोक लगाने की उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
इसके अलावा, कांग्रेस के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने भी फैसले की सराहना की। वेणुगोपाल ने ट्विटर पर कहा, “हम श्री राहुल गांधी जी की सजा पर रोक लगाने वाले माननीय सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं। न्याय की जीत हुई है। कोई भी ताकत लोगों की आवाज को चुप नहीं करा सकती है।” एक अन्य कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने भी फैसले की सराहना करते हुए कहा कि न्याय की जीत हुई है। सच्चाई की दहाड़ फिर से सुनाई देगी।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

