नई दिल्ली:मशहूर तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अपने तबले की थाप के जरिए जाकिर हुसैन लोगों का दिल जीत लेते हैं। हाल ही में उनका एक मंत्रमुग्ध करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में उनकी दैवीय प्रस्तुति देख लोग हैरान हैं। वायरल हो रहे वीडियो की बात करें तो जाकिर हुसैन तबले पर भगवान शिव के डमरू को कुशलतापूर्वक बजाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही वह अपने तबले के जरिए भगवान शिव के गणों के शंखनाद की दिव्य ध्वनि उत्पन्न करते दिखाई दे रहे हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तारीफें बटोर रहा है।
एक सोशल मीडिया यूजर ने एक्स पर जाकिर हुसैन के वीडियो को शेयर किया है। प्रियंका नाम की यूजर ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, “दिव्य आशीर्वाद से तबले पर पूर्ण महारत।” खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 64 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है। वहीं दो हजार से ज्यादा लोग इस वीडियो को लाइक कर चुके हैं।
वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने जाकिर हुसैन की इस प्रस्तुति को दैवीय बताया। यूजर ने लिखा कि उस्ताद की यह प्रस्तुति किसी दैवीय आशीर्वाद के बिना संभव नहीं है। एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने कहा, “यह बिल्कुल मंत्रमुग्ध करने वाला है।” जबकि एक अन्य यूजर ने भारतीय संस्कृति और संगीत में मास्टर जाकिर हुसैन के योगदान पर गर्व व्यक्त किया।
उस्ताद जाकिर हुसैन ने हासिल की ट्रिपल ग्रैमी
उल्लेखनीय है कि इस बार प्रसिद्ध तबला वादक जाकिर हुसैन ने प्रतिष्ठित तीन ग्रैमी अवॉर्ड अपने नाम किया। उस्ताद ने इस जीत को भारत को समर्पित किया। 72 वर्षीय तबला वादक ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रशंसकों और फॉलोअर्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी कई ग्रैमी जीतों के लिए मिले प्यार, स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत और विनम्र हूं। मेरे लिए आप सभी को व्यक्तिगत रूप से जवाब देना असंभव है। लेकिन आश्वस्त रहें कि आप सभी मेरे दिल में हैं और मैं आप में से प्रत्येक को धन्यवाद देते हुए झुक रहा हूं। उन्होंने लिखा, ग्रैमीज में भारत के लिए यह एक महान दिन था और मुझे राष्ट्रीय ध्वज ले जाने पर गर्व है।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
