नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई, जब एक याचिकाकर्ता ने अदालत की कार्यवाही के बीच न्यायाधीशों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपने पास मौजूद दस्तावेज पीठ की ओर फेंक दिए। घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे कोर्ट रूम से बाहर कर दिया।
यह घटना न्यायमूर्ति के. वी. विश्वनाथन और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान हुई। बताया गया कि याचिकाकर्ता स्वयं अपना पक्ष रख रहा था। सुनवाई के दौरान वह अदालत की टिप्पणियों से नाराज हो गया और उत्तेजित होकर हंगामा करने लगा। उसने कथित तौर पर न्यायाधीशों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और अदालत की कार्यवाही बाधित कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर कोर्ट की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने याचिकाकर्ता को जबरन अदालत कक्ष से बाहर निकाला। इसके बाद पीठ ने मामले की सुनवाई जारी रखते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यायालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए अदालत की कार्यवाही प्रभावित रही, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद सुनवाई पुनः शुरू कर दी गई।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत