देहरादून:इंडिया गठबंधन ने कांग्रेस के लिए मिलकर प्रचार करने का निर्णय लिया है। देहरादून में मंगलवार को गठबंधन के नेताओं की चौपाल हुई। उन्होंने अंकिता हत्याकांड से लेकर महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। साथ ही कांग्रेस के साथ चुनाव प्रचार की रणनीति भी तय की।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार की ओर से गांधी रोड स्थित कार्यालय में गठनबंधन नेताओं के साथ चौपाल का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.एसएन सचान ने कहा कि वह कल ही हरिद्वार से लौटे हैं, वहां जनता में कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर उत्साह है।
सीपीआई के समर भंडारी ने कहा कि हमने अपने पूरे कैडर को सक्रिय कर दिया है। कामरेड राजेंद्र नेगी ने सुझाव दिया कि जिला स्तर पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता आपस में मिलकर चुनाव प्रचार करें।
सिविल सोसाइटी की ओर से पर्यावरणविद रवि चोपड़ा और महिला मंच की निर्मला बिष्ट ने बताया कि वह नुक्कड़-नाटक के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी के लिए न्याय के मुद्दे को लेकर जा रहे हैं।
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाएंगे
देहरादून। उत्तराखंड संयुक्त ट्रेड यूनियन संघर्ष समिति की बैठक में लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों का समर्थन कर विजयी बनाने के लिए एकजुटता से काम करने का निर्णय लिया गया। मंगलवार को इंटक कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं इंटक के प्रांतीय अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट ने की।
वक्ताओं ने कहा कि ट्रेड यूनियन ने इंडिया गठबंधन से अपने घोषणा पत्र में श्रम कानून में हुए संशोधन वापस लेने, सार्वजनिक संस्थाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, श्रमिक को 26000 न्यूनतम वेतन देने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, महंगाई पर रोक लगाने, ओएनजीसी को देहरादून से दिल्ली स्थानांतरण करने पर रोक लगाने आदि बिंदुओं को शामिल करने की मांग की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
