संतकबीरनगर:समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा में लगातार दूसरे दिन बैरिकेडिंग टूट गई। संतकबीरनगर में उन्हें देखने और सुनने उमड़ी भीड़ को पुलिस नहीं रोक सकी। हालात यह हो गए कि अखिलेश यादव की कार तक लोग पहुंच गए और उनके साथ भी धक्कामुक्की की गई। अखिलेश यादव को किसी तरह पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लेकर मंच तक पहुंचाया। इस दौरान न सिर्फ बैरिकेडिंग बल्कि कुर्सियां और कूलर भी टूट गए। इससे पहले प्रयागराज के फूलपुर में बेकाबू भीड़ के कारण अखिलेश और कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनसभा को भी संबोधित नहीं कर सके थे।
अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर जनसभा स्थल के ऊपर देखते ही हजारों की भीड़ उन्हें पास से देखने के लिए हेलीपैड की तरफ पहुंच गई। यहां तो पुलिस ने लोगों को किसी तरह हैलीपैड पर जाने से रोक लिया लेकिन जैसे ही वह कार से मंच की ओर रवाना हुए सैकड़ों की भीड़ उनके कार के पीछे-पीछे दौड़ पड़ी। पुलिस बल की सख्या कम होने के कारण उत्साही सपा कार्यकर्ताओं को रोका नहीं जा सका। ऐसे में जब कार मंच के पास रुकी तो कुछ देर तक अखिलेश कार से निकल ही नहीं सके। सपा कार्यकर्ता उन्हें पास से देखने और उनके साथ सेल्फी लेना चाहते थे।
जब यह नजारा मंच से नेताओं ने देखा तो बार-बार लोगों से अखिलेश यादव की कार से दूर हटने की बात कहते रहे लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद भीड़ के बीच ही अखिलेश ने कार का दरवाजा खोला और बाहर धक्कामुक्की के बीच किसी तरह पुलिस के घेरे में मंच तक पहुंचे। मंच पर अखिलेश के पहुंचते ही कई और बैरिकेडिंग टूट गई और भारी भीड़ मंच तक पहुंच गई। इस दौरान लगातार माइक से लोगों को मंच से दूर जाने और माइक से हटने की एनाउंसमेंट होती रही लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं था।
अखिलेश माजरा समझ चुके थे। वह जान गए थे कि कार्यकर्ता अब पीछे नहीं जाएंगे। ऐसे में उन्होंने उसी हालत मे ही लोगों को संबोधित करना शुरू कर दिया। अखिलेश ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि इतना बड़ा पंडाल लगा था, तेज हवाओं ने पंडाल को उड़ा दिया। इसके बाद भी धूप में आप खड़े हैं। पूरा मैदान भरा दिखाई दे रहा है। सुरक्षा के लिए बनी डी भी पूरी भरी हुई है। ऐसा माहौल इस चुनाव देखने को मिल रहा है कि हर चरण में भाजपा के खिलाफ गुस्सा देखने को मिल रहा है। पूरा यकीन है कि जिस समय चुनाव सातवें चरण में पहुंचेगा भाजपा के खिलाफ गुस्सा भी सातवें आसमान पर होगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
