चेन्नई : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम (टीवीके) ने सरकार गठन के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। कांग्रेस के बाद अब वि.सि.क (वीसीके), सीपीएम और सीपीआई ने भी टीवीके गठबंधन को समर्थन देने की घोषणा कर दी है, जिससे राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटों में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। टीवीके पहले ही प्रमुख दल के रूप में उभर चुकी थी, लेकिन पूर्ण बहुमत से कुछ सीटें दूर थी। अब वामपंथी दलों और वीसीके के समर्थन के बाद गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय से द्रविड़ दलों के प्रभाव वाले तमिलनाडु में टीवीके के उभार ने नए राजनीतिक समीकरण बना दिए हैं।
सूत्रों का कहना है कि गठबंधन की मजबूती के बाद टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश कर दिया है। अब सभी की निगाहें शपथ ग्रहण समारोह और नई सरकार के गठन पर टिकी हुई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत का संकेत है, जहां पारंपरिक राजनीतिक ध्रुवीकरण में बदलाव देखने को मिल सकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
