स्पोर्ट्स डेस्क:दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर प्रीनेलान सुब्रायन का स्वतंत्र परीक्षण केंद्र ने गेंदबाजी ऐक्शन वैध पाया है। अब तक एक टेस्ट और एक वनडे मैच खेल चुके सुब्रायन का गेंदबाजी ऐक्शन पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया में संदिग्ध पाया गया था। हालांकि सुब्रायन को गेंदबाजी से रोका नहीं गया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें आराम देते हुए ऑस्ट्रेलिया में आगे न खिलाने का फैसला किया और इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के लिए उनका चयन नहीं किया था।
सुब्रायन का 26 अगस्त को ब्रिस्बेन में परीक्षण किया गया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के एक बयान में पुष्टि की गई कि, “उनकी सभी गेंदों में कोहनी का विस्तार आईसीसी के अवैध गेंदबाजी विनियमों के तहत अनुमत 15 डिग्री के स्तर के भीतर था।”
सुब्रायन को इससे पहले भी गेंदबाजी ऐक्शन को लेकर जांच का सामना करना पड़ा है। दिसंबर 2012 में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने दो अलग-अलग स्वतंत्र परीक्षणों में उनके गेंदबाजी ऐक्शन को अवैध पाए जाने के बाद उन्हें पुनर्वास के तहत रखा था। सुधारात्मक कार्य और पुनः परीक्षण के बाद जनवरी 2013 में उन्हें फिर से गेंदबाजी करने की अनुमति दे दी गई थी।
सितंबर 2014 में भारत में चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के दौरान और नवंबर 2015 में एक घरेलू टी-20 मैच के दौरान भी सुब्रायन की गेंदबाजी ऐक्शन की रिपोर्ट की गई थी। उनके ऐक्शन के मूल्यांकन में पाया गया कि उनकी सभी गेंदें 15 डिग्री की सीमा से अधिक थीं, जिसके बाद उन्हें गेंदबाजी से निलंबित कर दिया गया था। जनवरी 2016 में उनका दोबारा मूल्यांकन किया गया, लेकिन अंततः मार्च 2016 में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में उनके ऐक्शन की जांच के बाद उन्हें गेंदबाजी फिर से शुरू करने की अनुमति मिल गई थी।
सुब्रायन 2011 से दक्षिण अफ्रीका के घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं और उन्होंने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह अगले दो सीमित ओवरों के विश्व कप की तैयारी में दक्षिण अफ्रीका की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
