हैदराबाद:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने लोकसभा चुनावों के बीच आरक्षण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि संघ परिवार ने कुछ समूहों को आरक्षण देने का कभी विरोध नहीं किया है। हैदराबाद में एक शैक्षणिक संस्थान में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। भागवत ने कहा कि संघ का मानना है कि आरक्षण तब तक दिया जाना चाहिए जब तक कि इसकी जरूरत है। आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच छिड़े वाकयुद्ध के बाद भागवत ने यह टिप्पणी की है।
मोहन भागवत ने कहा कि आरक्षण और संघ को लेकर फेक वीडियो फैलाया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि इस बारे में हम बाहर नहीं बोल सकते हैं। यह सब पूरी तरह से झूठ है। आरएसएस प्रमुख भागवत ने पिछले साल नागपुर में कहा था कि जब तक समाज में भेदभाव है तब तक आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि भेदभाव समाज में व्याप्त है, भले ही यह दिखाई नहीं देता हो।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘अगर भाजपा जीतेगी तो देश में तानाशाही होगी। मैं कहना चाहूंगा कि सूरत तो सिर्फ एक उदाहरण है, पूरा देश दांव पर है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहेब के संविधान और वोट की ताकत को खत्म करना चाहती है। वह दलितों, पिछड़े समुदायों और शोषित वर्गों के आरक्षण के अधिकार को भी खत्म करना चाहती है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
