नई दिल्ली:पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अजीत अगरकर टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। अगरकर, अशोक मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के साथ वर्चुअल साक्षात्कार में शामिल हुए, जिसके बाद उनकी वरिष्ठ पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दी गई। बता दें कि चेतन शर्मा के इस्तीफे के बाद चीफ सेलेक्टर का पद कई महीनों से खाली था। बोर्ड ने पिछले महीने आवेदन मांगे थे। अगरकर ने जब इस पद के लिए अप्लाई किया, तब से उन्हें रेस में सबसे आगे माना जा रहा था।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ”अगरकर एकमात्र उम्मीदवार हैं जो साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए। यह वर्चुअल था क्योंकि वह इस समय पारिवारिक अवकाश पर विदेश में हैं।” अगरकर कार्यभार संभालने के बाद वेस्टइंडीज दौरे के लिए टी20 टीम का चयन करने के लिए चयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
अगरकर ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 1998 से लेकर 2007 तक सक्रिय रहे। उन्होंने 349 इंटरनेशनल विकेट चटाकने के अलावा 1855 रन बनाए। उनके नाम एक टेस्ट शतक है। वह साल 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम हिस्सा थे। वह वनडे में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2000 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 21 गेंद में फिफ्टी बनाई थी और यह रिकॉर्ड अब तक कायम है।
अगरकर सबसे तेज 50 वनडे विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं, जो उनके करीब एक दशक तक रहा। उन्होंने 23 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। पूर्व ऑलराउंडर ने 110 प्रथम श्रेणी, 270 लिस्ट ए और 62 घरेलू टी20 मैच खेले हैं। बता दें कि अगरकर सीनियर मुंबई टीम के मुख्य चयनकर्ता भी रह चुके हैं। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहे हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

