डेस्क: फिल्म धुरंधर की सफलता और दृश्यम 3 से बाहर होने को लेकर चल रहे विवाद के बीच अभिनेता अक्षय खन्ना अब एक नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। अक्षय जल्द ही फिल्म महाकाली में नजर आएंगे, जिसके जरिए वह तेलुगु सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। यह उनके करियर की पहली तेलुगु फिल्म होगी।
पिछले साल सितंबर में फिल्ममेकर प्रशांत वर्मा ने महाकाली से अक्षय खन्ना का पोस्टर रिलीज करते हुए बताया था कि वह फिल्म में शुक्राचार्य का अहम किरदार निभाएंगे। अब फिल्म की निर्देशक पूजा कोल्लूरू ने अक्षय के साथ सेट से कुछ तस्वीरें साझा की हैं।
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए अक्षय खन्ना ने लिखा,
“2025 के लिए आभारी हूं। आपने मुझे मेरी सीमाओं से बाहर निकलने के लिए प्रेरित किया और मुझे खुद से दोबारा परिचित कराया।”
बताया जा रहा है कि महाकाली टॉलीवुड की पहली फीमेल सुपरहीरो फिल्म होगी। यह एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसे जल्द रिलीज करने की योजना है।
वहीं दूसरी ओर, अक्षय खन्ना इन दिनों दृश्यम 3 को लेकर विवादों में भी घिरे हुए हैं। फिल्म के निर्माताओं ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने शूटिंग शुरू होने से कुछ ही दिन पहले फिल्म छोड़ दी।
दृश्यम 3 के निर्देशक अभिषेक पाठक ने आरोप लगाया कि फिल्म की सफलता अक्षय खन्ना के सिर चढ़ गई है। उन्होंने बताया कि अक्षय को नवंबर में फिल्म के लिए साइन किया गया था और शूटिंग से महज पांच दिन पहले उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जबकि उनका लुक, कॉस्ट्यूम और नरेशन तक पूरा हो चुका था। इस मामले में अक्षय को लीगल नोटिस भी भेजा गया है।
अभिषेक पाठक ने यहां तक कहा कि उन्होंने अक्षय खन्ना को एक सोलो फिल्म करने की चुनौती भी दी थी। जब उनसे पूछा गया कि इस पूरे विवाद पर फिल्म के लीड एक्टर अजय देवगन का क्या रुख है, तो उन्होंने बताया कि अजय देवगन ने पूरा मामला उन पर छोड़ दिया है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

