स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा के अध्यक्ष जियानी इंफैंटिनो ने 2026 फीफा विश्व कप 2026 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि ईरान की टीम अपने सभी निर्धारित मुकाबले अमेरिका में ही खेलेगी।
वैंकूवर में आयोजित फीफा कांग्रेस के दौरान इंफैंटिनो ने कहा कि फुटबॉल का मूल उद्देश्य दुनिया को एक साथ जोड़ना है और इसी भावना के तहत सभी योग्य टीमें, चाहे वे किसी भी देश से हों, टूर्नामेंट में भाग लेंगी। उन्होंने कहा, “निस्संदेह ईरान अमेरिका में खेलेगा।”
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव के कारण यह सवाल उठ रहे थे कि क्या ईरानी टीम को अमेरिका में खेलने की अनुमति मिलेगी। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया था कि ईरान ने अपने मैच किसी अन्य मेज़बान देश, जैसे मेक्सिको, में कराने की इच्छा जताई थी।
हालांकि फीफा ने स्पष्ट कर दिया है कि टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा और सभी टीमें निर्धारित वेन्यू पर ही मुकाबले खेलेंगी।
उल्लेखनीय है कि 2026 का फीफा विश्व कप संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित किया जाएगा, जो इस बार का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक संस्करण माना जा रहा है।
इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद खेल के मंच पर सभी देशों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
