डेस्क:पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को राज्य में सरकार बनाने का फॉर्मूला दिया है। हाल ही में एक चैनल से बातचीत में उन्होंने भाजपा के साथ जाने और पार्टी की राज्य में चुनावी तैयारियों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने साफ किया है कि मौजूदा स्थिति में भाजपा अकेले चुनाव नहीं जीत सकती। कांग्रेस से अलग होने के बाद साल 2022 में सिंह बीजेपी का हिस्सा बन गए थे।
इंडिया टुडे के पॉडकास्ट में सिंह से सवाल किया गया कि भाजपा चुनावी तौर पर पंजाब को नहीं समझ पाई है। इस पर कैप्टन ने जवाब दिया, ‘…भाजपा के शुरुआती नेताओं ने जो किया वो गलत हो गया। आपको हर चुनाव लड़ना चाहिए था। आप जंग से नहीं भाग सकते। पहला चुनाव 1950 में हुआ। बीजेपी को जितनी भी सीट थीं, उनपर लड़ना चाहिए था। हर सीट पर आपको लड़ना चाहिए था, तब आपका कैडर बनता।’
उन्होंने कहा, ‘वो क्या कर रहे थे कि 10 लोगों या 15 लोगों को अकाली दल के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा रहे थे। अकाली को उनका फायदा मिल रहा था, लेकिन उन्हें किसी से फायदा नहीं हो रहा था। अगर आप आज इस संकट का सामना कर रहे हैं, तो इसकी वजह यह है कि आपने अपना कैडर ही नहीं बनाया।’
उन्होंने कहा, ‘अगर वो इस बार जीतना चाहते हैं तो…। देखिए इसे दो तरीके से देखा जा सकता है। या तो आप अपना कैडर बनाएं या गठबंधन कर सरकार बनाएं। अगर आप सरकार बनाना चाहते हैं, तो आपको अकाली दल के साथ बनानी होगी। इसके अलावा भाजपा को सरकार बनाने या पंजाब में किसी तरह की सरकार में शामिल होने का कोई तरीका नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘अगर आप अपना कैडर बनाना चाहते हैं, तो सभी सीटों पर लड़ने के लिए दो तीन चुनावों का इंतजार करें।’
शिअद ने क्या कहा
ट्रिब्यून से बातचीत में शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, ‘हम गठबंधन की किसी भी संभावनाओं पर तब बात करेंगे, जब वह संबंधित पार्टी की तरफ से औपचारिक रूप से की जाएगी। यह कैप्टन अमरिंदर सिंह के निजी विचार लग रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि अकाली दल आगामी स्थानीय चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
