डेस्क : आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। शनिवार को पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करते हुए 23 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। साथ ही कांग्रेस ने गठबंधन धर्म निभाते हुए 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी हैं, जिन पर उनके उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे।
जारी सूची के अनुसार गोलकगंज से कार्तिक चंद्र रे, बिलासीपारा से अमृत बादशा और बिरसिंग जरूआ से वाजेद अली चौधरी को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा मनकाचर से मोहिबुर रहमान, गोलपाड़ा पूर्व से अबुल कलाम रशीद आलम, दुधनई (एसटी) से किशोर कुमार ब्रह्मा, सृजनग्राम से नुरुल इस्लाम, मंडिया से अब्दुल खलीक और चमरिया से रकीबुद्दीन अहमद को टिकट दिया गया है।
इसी तरह रंगिया से प्रंजीत चौधरी, डिमोरिया (एससी) से किशोर कुमार बरुआ, न्यू गुवाहाटी से शांतनु बोरा और मंगलदै से रिजुमोनी तालुकदार को भी कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है।
दरअसल, असम विधानसभा चुनाव 2026 की रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक हुई थी। करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, असम कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत चुनाव समिति के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में गौरव गोगोई ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर गहन चर्चा की गई है और पार्टी मजबूत रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
इससे पहले तीन मार्च को कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि विधानसभा में कांग्रेस के नेता देबब्रत सैकिया नाजिरा सीट से मैदान में होंगे। वहीं, राज्यसभा के पूर्व सांसद रिपुन बोरा को बरछल्ला से टिकट दिया गया है। मीरा बोरठाकुर गोस्वामी दिसपुर से और इंद्रनील पेगु माजुली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार बनाए गए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

