नई दिल्ली:बांग्लादेश क्रिकेट टीम में गजब की उथल-पुथल देखने को मिल रही है। वनडे टीम के कप्तान तमीम इकबाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मैच गंवाने के बाद 6 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया और इसके एक दिन बाद ही रिटायरमेंट वापस भी ले लिया। तमीम इकबाल ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की और इस मुलाकात के बाद उन्होंने रिटायरमेंट वापस लेने का फैसला लिया। ईएसपीएन क्रिकइंफो की खबर के मुताबिक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर तमीम इकबाल से बात की।
शुक्रवार को तमीम अपनी पत्नी के साथ शेख हसीना के घर गए थे। इस दौरान बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा भी वहां मौजूद थे और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष नजमुल हसन भी। तमीम ने इस मुलाकात के बाद कहा, ‘मुझे प्राइम मिनिस्टर ने बुलाया था, उन्होंने मुझसे बात की और मुझे वापस खेलने के लिए कहा, तो मैंने उसी समय रिटायरमेंट से वापसी का फैसला लिया। उनको ना कहना मुश्किल था।’
बांग्लादेश ने दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच के लिए लिटन दास को कप्तान बनाया था। 8 जुलाई को सीरीज का दूसरा मैच खेला जाना है। अब देखना होगा कि क्या कप्तान तमीम इकबाल इस मैच में खेलने उतरते हैं या नहीं।
बांग्लादेश के अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में हारने के एक दिन बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा करके सभी को हैरान कर दिया था। इकबाल ने कहा था, ”यह मेरे करियर का अंत है। मैंने खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की है। मैं इसी क्षण से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रहा हूं। ”
उन्होंने कहा, ”मैं अपनी टीम के सभी साथियों, कोचों, बीसीबी (बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड) के अधिकारियों, मेरे परिवार के सदस्यों तथा उन सभी को धन्यवाद कहना चाहता हूं जो मेरी इस लंबी यात्रा में मेरे साथ रहे हैं। इन सभी ने मुझ पर भरोसा बनाये रखा।”
इकबाल ने अपने 16 वर्ष के क्रिकेट करियर में 70 टेस्ट में 5,134 रन बनाए, जिसमें 10 शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। वनडे क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के तौर पर उनकी काबिलियत शानदार रही जिसमें उन्होंने 241 मैचों में 8,313 रन बनाये है। जिसमें 14 शतक जड़े थे जो बांग्लादेश के लिए किसी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा सैकड़े भी हैं। वह मौजूदा क्रिकेटरों में तीसरे सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी भी हैं जिसमें वह विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद शामिल हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

