डेस्क : भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विश्व के कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं दीं। इस क्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भी बधाई संदेश जारी किया गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए दोनों देशों को दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र बताया।
अमेरिकी दूतावास की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका की जनता की ओर से मैं भारत सरकार और भारत के नागरिकों को उनके 77वें गणतंत्र दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में गहरे ऐतिहासिक संबंध साझा करते हैं।”
गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार शामिल होकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। भारतीय आसमान में अमेरिकी निर्मित विमानों की उड़ान को उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच मजबूत राजनीतिक और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक बताया।
हालांकि, पिछले एक वर्ष के दौरान भारत और अमेरिका के संबंधों में कई अहम बदलाव भी देखने को मिले हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष में अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा। इस दौरान ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर विवादास्पद टिप्पणी भी की।
इसके जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया था कि भारत अपने किसानों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए किसी भी व्यक्तिगत या राजनीतिक नुकसान की परवाह नहीं करेगा।
व्यापार घाटे को लेकर अमेरिका ने भारत पर पहले 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसके बाद रूस से तेल आयात को लेकर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की गई। भारत ने इन टैरिफ को अनुचित बताते हुए कहा कि वह अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने के लिए तैयार है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

